बिहार: सरेआम लड़की से की छेड़खानी

सहरसा । बिहार में दिनदहाड़े लड़कियों के साथ होने वाली छेड़छाड़ और वीडियो वायरल करने के मामले का ताजा उदाहरण सहरसा जिले में सामने आया है। यहां स्कूल जा रही एक छात्रा के साथ मनचलों ने छेड़खानी की और इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामले में सदर थानाध्यक्ष के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें से दो आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। डीआइजी सुरेश प्रसाद चौधरी के अनुसार छेड़खानी का वीडियो दो माह पुराना है।  
वायरल वीडियो में सिमराही स्कूल की एक छात्रा साइकिल से स्कूल जा रही है। साइकिल के पीछे किताबें भी रखी हुई थीं। इस दौरान सात मनचलों ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। लड़की ने इनसे कई बार छोडऩे की गुहार लगाई, लेकिन लड़कों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। लड़की का दुपट्टा भी खींच लिया गया। 
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें पवन यादव, ब्रजेश यादव, पंकज कुमार यादव, चंदन कुमार समेत सात को लोगों को आरोपित किया गया। इनमें से दो अज्ञात हैं। इस मामले में मारपीट, छेडख़ानी, आइटी एक्ट की धारा के अलावा पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। नामजद सिमराहा निवासी पंकज कुमार यादव एवं चंदन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

No comments

Powered by Blogger.